वैन (सुरेश मुंजाल, हिन्दू जनजागृति समिति, दिल्ली - 17.03.2026) :: हिन्दू जनजागृति समिति, बीते दो दशकों से समाज कल्याण, राष्ट्र निर्माण, नैतिक शिक्षा तथा सांस्कृतिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्यरत एक वैचारिक एवं सामाजिक कृतिशील संगठन है। समिति समय-समय पर सामाजिक उत्थान हेतु संवैधानिक एवं शांतिपूर्ण माध्यमों से जनजागरण अभियान तथा विविध आयोजनों का संचालन करती रही है।
इसी क्रम में, आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग के बढ़ते महत्व को ध्यान में रखते हुए, समिति के सहयोग से फरीदाबाद के सेक्टर 19 स्थित जीव कल्याण संस्थान में एक प्रभावशाली योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य समाज के लोगों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यशाला के दौरान योग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने में सहायक है। नियमित योगाभ्यास से शरीर की लचीलापन, शक्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। साथ ही, प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद को कम करने में भी सहायता मिलती है।
इस कार्यशाला में यह भी बताया कि योग व्यक्ति में आत्म-नियंत्रण, एकाग्रता तथा सकारात्मक सोच का विकास करता है। यह न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि सामाजिक एवं आध्यात्मिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग के माध्यम से व्यक्ति अनुशासन, संयम और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा प्राप्त करता है।
इस कार्यशाला में समाज के 19 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग अभ्यासों में सक्रिय सहभागिता दिखाई। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा सभी से आह्वान किया गया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं, जिससे एक स्वस्थ, सुखी एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव हो सके।
Responses
Leave your comment