राष्ट्रपति मुर्मू ने वृंदावन में किए संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन

वैन (राज ठाकुर राजावत, मथुरा, उत्तर प्रदेश - 20.03.2026) :: कान्हा की नगरी में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास का दूसरा दिन भी प्रकृति के अनोखे स्वागत का साक्षी बना। शुक्रवार सुबह से मथुरा-वृंदावन में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होती रही लेकिन इस बारिश के बीच भी आस्था और श्रद्धा का प्रवाह जरा भी नहीं थमा। गुरुवार शाम जब राष्ट्रपति अयोध्या से ब्रजभूमि पहुंचीं तब भी इंद्र देव ने बारिश के रूप में उनका स्वागत किया था। शुक्रवार को भी यही सिलसिला जारी रहा।

तेज बारिश के बावजूद राष्ट्रपति अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 8 बजे वृंदावन के केली कुंज स्थित संत प्रेमानंद आश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के सानिध्य में आध्यात्मिक चर्चा की। आश्रम की वार्तालाप कुटिया में बेहद सादगीपूर्ण लेकिन विशेष व्यवस्था की गई थी। राष्ट्रपति और उनके परिजनों के लिए कुर्सियां लगाई गई जहां बैठकर उन्होंने राधे-राधे नाम जप और भक्ति भाव पर गहन मंथन किया। संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर राष्ट्रपति भाव विभोर नजर आई। इस दौरान कुटिया में केवल राष्ट्रपति उनके परिजन और बाबा के करीबी शिष्य ही मौजूद रहे जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और एकांतपूर्ण बना रहा। भेंट के उपरांत राष्ट्रपति पुनः होटल रेडिशन लौटीं जहां उन्होंने नाश्ता किया।

वहीं लगातार हो रही बारिश के चलते सुरक्षा व्यवस्था में जुटे पुलिसकर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह जलभराव और तेज हवाओं के बीच ड्यूटी निभा रहे जवान मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभाले हुए हैं। जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसपी श्लोक कुमार राष्ट्रपति के कार्यक्रम की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

Responses

Leave your comment