व्यूज़ 24 (ब्रज किशोर शर्मा - आगरा, उत्तर प्रदेश) :: 1853 से 2019 तक के अपने लंबे सफर को रेलवे ने प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया है। हर वर्ष की भांति इस बार भी ताज महोत्सव में उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यहां रेलवे ने 1853 में चलने वाले स्टीम इंजन के साथ 2019 में ट्रेन की पटरियों पर तेजी से दौड़ रही वंदे मातरम एक्सप्रेस ट्रेन 18 के मॉडल्स का भी प्रदर्शन किया। रेलवे द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में कुल 48 ट्रेनों के मॉडल्स का प्रदर्शन किया गया है। इसके अलावा प्रदर्शनी में डीजल आधुनिकीकरण कारखाना, पटियाला के लकड़ी के आर सी आर वी मॉडल को भी विधिवत प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही इस प्रदर्शनी में जन-जागरूकता की जानकारियां भी पर्यटकों को दी जा रही हैं, जिनकी जानकारी से रेल यात्रियों को सफर में बड़ी राहत मिलेगी। ताज महोत्सव में लगाई गई रेलवे की प्रदर्शनी पर जहां उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम रंजन यादव द्वारा जानकारी दी गई वहीं डीआरएम रंजन यादव का कहना था कि इस प्रदर्शनी में ट्रेनों के अत्याधुनिक मॉडल्स के प्रदर्शन के साथ स्वच्छ भारत अभियान और ट्रेनों में होने वाली जहर-खुरानी तथा अपराधिक वारदातों के बारे में भी लोगों को सचेत किया गया है। साथ ही दुर्घटना से बचने के उपाय भी लोगों को बताए जा रहे हैं। ताज महोत्सव में आयोजित की गई इस प्रदर्शनी में उत्तर मध्य रेलवे ने अपने भूत, भविष्य और वर्तमान काल को दर्शाया है। बहरहाल ताज महोत्सव में लगी प्रदर्शनी लोगों के बीच बड़े आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
On Wed, Feb 26, 2025
On Wed, Jan 29, 2025
On Tue, Jan 28, 2025
On Thu, Nov 7, 2024
On Sun, Oct 1, 2023
On Sun, Jun 9, 2024
On Thu, Sep 30, 2021