ग्लोबल मिस इंडिया एशिया मनदीप शेरगिल होंगी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की शान

- ग्लोबल मिस इंडिया एशिया 15 दिसम्बर को मुख्य कार्यक्रम में करेंगी शिरकत, प्रशासन द्वारा किया जाएगा सम्मानित, किसान की बेटी ने पूरे विश्व में किया है कुरुक्षेत्र का नाम रोशन

वैन (कुरुक्षेत्र - नेहा मेहता) :: ग्लोबल मिस इंडिया मनदीप शेरगिल अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2018 की शान बढ़ायेंगी। इस महोत्सव को एक नया मुकाम देने और देश की बेटियों को संदेश देने के उदेश्य से इस महोत्सव में 15 दिसम्बर को सायं मेला क्षेत्र में मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए पहुंच रही है।
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि पिहोवा के गांव नीमवाला की बेटी ग्लोबल मिस इंडिया मनदीप शेरगिल ने पूरे विश्व में कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन करने का काम किया है। इस बेटी ने यह सच साबित कर दिया है कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है। इस बेटी ने राज्य सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को आगे बढ़ाने का काम किया है। इस बेटी से दूसरी बेटियों को भी प्रेरणा मिलेगी। इसलिए अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2018 में बेटियों को प्रेरित करने के उदेश्य से 15 दिसम्बर को मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पिहोवा के गांव नीमवाला प्लाट के साधारण किसान परिवार की बेटी ने दिल्ली में हुए ग्लोबल मिस इंडिया एशिया 2018 का मिस इंडिया का खिताब जीता है।
ग्लोबल मिस इंडिया मनदीप शेरगिल ने फ़ोन पर बातचीत करते हुए बताया कि 24 नवंबर को दिल्ली में ग्लोबल इंडिया इंटरटेनमेंट प्रोडक्शन की ओर से मिस इंडिया एशिया 2018 के लिए समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें पूरे भारत से उसके अलावा 52 अन्य लड़कियों ने हिस्सा लिया था। अंतिम राउंड तक सिर्फ 20 प्रतिभागी ही रह गई थी। इसके बाद मुकाबला और भी ज्यादा कड़ा हो गया था। लेकिन फाइनल राउंड में जब उसे नंबर 053 के साथ स्टेज पर बुलाया गया तो उसे विश्वास नहीं हुआ कि उसने मिस इंडिया का खिताब जीत लिया है। पिता ने भी दुबई से बेटी को इस उपलब्धि पर फोन के जरिए बधाई दी।
मिस इंडिया मनदीप शेरगिल ने जीत का श्रेय अपने दादा सरदार अमरजीत सिंह, पिता सुरेंद्र सिंह व मां परमजीत कौर को दिया। उसने बताया कि उसके पिता दुबई की एक कंपनी में काम करते हैं और मां हाऊस वाइफ है। परिवार में उनका छोटा भाई अमरेंद्र भी है। उनका घर स्योंसर जंगल के बीच है। चारों तरफ घना जंगल है। लेकिन मां-बाप ने कभी उसे किसी कमी का अहसास नहीं होने दिया। पढ़ाई के लिए उसे मोहाली जैसे बड़े शहर में भेजा। जहां से उसने एमबीए की परीक्षा पास की। वहीं से उसे माडलिंग का मोह हो गया। प्रतियोगिता के बाद उसे कई कंपनियों के ब्रांड अंबेडसर बनकर उनके प्रोडक्ट्स को दुनियाभर में प्रमोट करने के आफर भी मिल रहे हैं।

Responses

Leave your comment