मनु-सौरभ की जोड़ी ने मिक्स्ड टीम का गोल्ड जीता, भारत संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहा

- चीन दूसरे जबकि कोरियाई जोड़ी तीसरे स्थान पर रही

- पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल का वर्ल्ड रिकॉर्ड सौरभ के नाम

- मनु और सौरभ ने क्वालिफिकेशन में 778 का स्कोर बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की

- सौरभ चौधरी पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पहले ही अपने नाम कर चुके हैं

- भारत और हंगरी के शूटर्स ने 3-3 स्वर्ण पदक जीते

वैन (हेमन्‍त कुमार शर्मा) :: नई दिल्‍ली में जारी आईएसएसएफ विश्‍व कप में भारतीय शूटर्स मनु भाकर और सौरभ चौधरी की जोड़ी ने आज 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम इवेंट का गोल्ड मेडल जीता। मनु और सौरभ ने फाइनल में 483.4 का स्कोर किया। इस इवेंट के साथ ही वर्ल्ड कप खत्म हो गया। भारत इस वर्ल्ड कप में हंगरी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहा। उसने तीन गोल्ड मेडल जीते। हंगरी के शूटर्स ने भी कुल तीन गोल्ड मेडल जीते। चीन ने दस मेडल जीते। हालांकि, वह सिर्फ एक स्वर्ण पदक ही अपने नाम कर पाया। उसने 6 रजत और 3 कांस्य पदक जीते। रूस के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीते।

इस वर्ल्ड कप के जरिए भारत ने सौरभ चौधरी के रूप में एक ओलिंपिक कोटा हासिल किया।

चीन की जोड़ी दूसरे और कोरियाई जोड़ी तीसरे स्थान पर रही

10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम इवेंट में चीन की जियांग रैनजिन और झांग बोवेन की जोड़ी 477.7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। उन्हें सिल्वर मेडल मिला। दक्षिण कोरियाई जोड़ी किम मिनजुंग और पार्क डेईहुन की जोड़ी ने 418.8 अंक हासिल किए। उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल का वर्ल्ड रिकॉर्ड सौरभ के नाम

इस वर्ल्ड कप में सौरभ का यह दूसरा गोल्ड मेडल है। वे पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक पहले ही अपने नाम कर चुके हैं। सौरभ ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने तब 245 का स्कोर बनाकर यूक्रेन के ओलेह ओमेलचुक का रिकॉर्ड तोड़ा था। सौरभ ने स्वर्ण पदक के साथ 2020 टोक्यो ओलिंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया था। वे ओलिंपिक कोटा हासिल करने वाले तीसरे भारतीय शूटर हैं।

Responses

Leave your comment