युगांडा की शिल्पी द्वारा बनाई गई देश के बदलाव की तस्वीरें ताज-महोत्सव में आकर्षण का केंद्र

व्यूज़ 24 (ब्रज किशोर शर्मा - आगरा, उत्तर प्रदेश) :: ताजनगरी में चल रहे ताज महोत्सव में बड़ी संख्या में देशभर के दस्तकार, शिल्पकार, कारीगर भाग ले रहे हैं। देश के कोने-कोने से हस्तशिल्प और हैंडलूम उत्पाद महोत्सव में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। वहीँ युगांडा से आयी महिला शिल्पी यहां खासी चर्चाओं मे है। इनके द्वारा यहां बिक्री के लिए प्रदर्शित की गई लकड़ी और जूट से बने कलाकृतियां देखने में भले ही आपको सामान्य लगें, लेकिन इनका संदेश काफी गहरा है। ये युवा शिल्पकार अपने क्राफ्ट से अपने देश में हो रहे सामाजिक बदलाव का संदेश भी दे रहे हैं।

मेले में आए दो शिल्पकारों में युगांडा की एलिंडा जोसेलिन और उसकी साथी शामिल हैं। युगांडा के स्टाल पर शिल्पकार एलिंडा की भाषा समझना भले ही मुश्किल है, लेकिन उनके हुनर से बात करना शब्दों से बेहतर प्रतीत होता है। एलिंडा ने अपनी शिल्पकारी से स्टाल को सजाया है। इसमें लाठी लेकर बैठे एक पुरुष की तस्वीर एक काेने में रखी हुई है। वहीं दूसरी तरफ रंग-बिरंगे कपड़ों में हैट लगाए साइकिल की रफ्तार भरती हुई महिला की तस्वीर है। लकड़ी की बनी यह तस्वीर पहली नजर में देखने पर खिलौना लगती है, लेकिन यह युगांडा में चल रहे बदलाव को भली-भांति दर्शाती हैं। युगांडा में पुरुष वर्चस्व के बीच अब महिलाओं को उनके अधिकार मिलने लगे हैं। उन्होंने खिलौने के जरिए बताने का प्रयास किया है कि अगर पुरुष अपनी सोच में बदलाव करें तो महिला किस तरह जिंदगी के रास्तों पर तरक्की की रफ्तार भरेगी।

इन कलाकृतियों में युगांडा की संस्कृति और सभ्यता को भी बखूबी दर्शाया गया है। युगांडा के स्टाल पर रखे गए सामान की कीमत 50 रुपए से लेकर 5 हजार रुपए तक है।

Responses

Leave your comment