- केवल पांच घंटे, तीन मिनट में कॉर्सिका से सरडेग्ना तक बोनिफेसियो चैनल को पार कर पिता-पुत्र की जोड़ी ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
- 52 वर्षीय भारतीय तैराक संजीव टोकस ने अपने 16 वर्षीय बेटे के साथ विश्व पटल पर देश को किया गौरवान्वित
वैन (छाया बाल्मीकि - दिल्ली - 29.06.2022) :: पिछले दिनों बोनिफेसियो चैनल को पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली पिता-पुत्र जोड़ी, संजीव टोकस और अर्जुन टोकस को 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ के परिसर में वरिष्ठ पत्रकारों और व्यक्तित्व की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।
भारतीय तैराक संजीव टोकस, एशिया मास्टर्स स्वर्ण पदक विजेता होने के साथ ही देश के लिए कई अन्य पदकों को भी अपने नाम कर चुके हैं। हाल ही में संजीव टोकस ने अपने 16 वर्षीय बेटे तैराक अर्जुन टोकस के साथ मिलकर 6 जून 2022 को तैराकी के क्षेत्र में अपने नाम ऐसा पहला विश्व रिकॉर्ड तैराकी में कायम किया जिसकी चर्चा अब चारों तरफ है।
बता दें कि इस जोड़ी ने चुनौतीपूर्ण मौसम, हवाओं और बाधाओं के खिलाफ केवल पांच घंटे और तीन मिनट में कॉर्सिका, फ्रांस से सरडेग्ना, इटली तक बोनिफेसियो चैनल को सफलतापूर्वक पार किया। ऐसी विश्व विख्यात उपलब्धि हासिल करने वाली यह पूरी दुनिया में पहली पिता-पुत्र तैराक जोड़ी बन गई है।
अपनी इस उपलब्धि पर तैराक संजीव टोकस ने कहा, "यह मेरे लिए एक गर्व का दिन है कि मैंने अपने देश के नाम एक और विश्व रिकॉर्ड जोड़ दिया है। शुरुआती दिनों में इस तरह की तैराकी के बारे में सोचना एक कठिन कार्य था, लेकिन अपनी मेहनत और स्किल्स पर मुझे पूरा विश्वास था। जिसकी वजह से मैं अपने बेटे के साथ कुल 20 किलोमीटर खतरे से भरी इस बोनिफेसियो चैनल को पार कर पाया। इस दौरान खराब मौसम और समुद्र की खतरनाक लहरों के कारण कई बार जान का खतरा भी महसूस हुआ लेकिन देश के नाम कुछ करने के जज्बे को सर्वोपरि रखते हुए हम आगे बढ़ते गए।"
पिता के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद तैराक अर्जुन टोकस ने कहा, " यह मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं है। समुद्र में तैराकी करना और स्विमिंग पूल में तैराकी करना बहुत अंतर होता है। काफी खतरा था लेकिन मेरे पिता मेरे साथ थे, इससे बड़ी बात मेरे लिए और कुछ नहीं हो सकती थी। मैं अपने सभी सहायकों को धन्यवाद करता हूं।"
Responses
Leave your comment