8 साल के मार्टिन ने विश्व पटल पर लहराया परचम; नीरज चोपड़ा बोले देश का नाम रौशन करेगा छोरा!

वैन (महेश ढ़ींगरा - सोनीपत, हरियाणा - 10.02.2022) :: इरादा पक्का हो तो मंज़िल दूर नहीं होती। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है सोनीपत के 8 साल के मार्टिन ने। जिसने आठ साल की उम्र में ही 12 रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। जिसमें से आठ विश्व, दो एशिया और दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर मार्टिन ने देश के साथ साथ सोनीपत का नाम भी रोशन किया है। यहाँ एक खास बात और है कि इनमें से एक ही दिन में छह विश्व रिकॉर्ड 12 जनवरी को अपने नाम किए हैं। मार्टिन का सपना है कि वह और भी वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतकर विजेता बनना चाहता है।

बॉक्सिंग में 3 मिनट में 918 पंच करने का विश्व रिकॉर्ड रसिया के 27 वर्षीय पावेल के नाम था। जिसे मार्टिन ने 25 अक्टूबर 2021 को 3 मिनट में 1019 पंच पंचिंग बैग पर मार कर इस विश्व रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। अब सेक्टर 23 के रहने वाले मार्टिन मलिक ने 3 मिनट में पंचिंग बैग पर 17 सौ बार पंच करके विश्व रिकॉर्ड बनाया है। किक बॉक्सिंग में भी मार्टिन ने इतिहास रचा है। इनकी प्रतिभा से खुश होकर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने भी बधाई देते हुए मार्टिन को डिनर पर बुलाया था और उसके साथ पंच की प्रैक्टिस भी की थी।

मार्टिन के कोच उसके पिता संजय मलिक ही हैं। उन्होंने बताया कि मार्च 2020 में लोक डाउन के दौरान जब लोग लोकडाउन के दौरान घरों में कैद होकर रह गए थे। उन्होंने मार्टिन को बॉक्सिंग बैग पर पंच करते हुए देखा और उसकी वीडियो बना डाली। मार्टिन ने घर पर रहकर लोकडाउन के समय का सदुपयोग किया। उन्होंने मार्टिन को बॉक्सिंग की प्रैक्टिस करवानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि किक बॉक्सिंग में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले मार्टिन को अब लंदन की संसद में मार्च के महीने में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि एक अन्य देश से भी उन्हें बुलावा आया है उन्होंने तो उन्हें अपने देश से नागरिकता देने की बात भी कही है लेकिन उन्होंने अपने ही देश से मार्टिन के खेलने की बात कही है। संजय मलिक ने कहा कि सरकार मार्टिन की तरफ भी ध्यान दें ताकि वह देश प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

मार्टिन की माँ सविता मालिक का कहना है कि मार्टिन ने अच्छी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें इस बात की बहुत ख़ुशी है। मार्टिन शुरू से ही एक्टिव था। ट्रेनिंग के बाद यह और भी अच्छी तरह से बॉक्सिंग करने लगा था। अपने मोटिवेशन को लेकर वह उसे भी प्रैक्टिस करने के लिए कहता है। मार्टिन को साइक्लिंग करना पसंद है।

Responses

Leave your comment