जमीनी विवाद में पति को पीटता देख पत्नी ने लगाई आग; बचाने आया पति भी झुलसा

वैन (नीरज परिहार - आगरा, उत्तर प्रदेश) :: आगरा जनपद के थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत गांव पुरानरहोली में जमीनी विवाद के चलते भाई-भाई में झगड़ा हो गया। बड़ा भाई छोटे भाई को पीट रहा था तभी पति को पिटता देख पत्नी ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। पत्नी को बचाने आया पति भी आग से झुलस गया। दोनों की हालत बिगड़ती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसे हुए पति-पत्नी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में दोनों को आगरा रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत पुरानरहोली में जमीनी विवाद को लेकर दो भाइयों में विवाद चला रहा था। जमीनी विवाद को लेकर दोनों भाई भूरी सिंह व रामज्ञान पुत्र अजमेर सिंह के बीच गुरुवार को सुबह झगड़ा हो गया, जिसमें दोनों तरफ से मारपीट हुई। बड़े भाई भूरी सिंह और उसके परिजनों ने रामज्ञान को पकड़कर पीटा और जब वह लाठी-डंडों से उसे पीट रहे थे तो अपने पति राम ज्ञान को पीटता हुआ देख पत्नी कस्तूरी देवी ने खुद को मिट्टी का तेल डालकर अपने आप को आग के हवाले कर दिया। अपनी पत्नी को जलता हुआ देख पति रामज्ञान उसे बचाने आया। आग को बुझाते हुए वह खुद भी उसकी चपेट में आ गया। पति-पत्नी को जलता देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गंभीर अवस्था में सी.एच.सी. बाह में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने दोनों पति-पत्नी को गंभीर हालत में इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी है और मामले की जांच में जुट गई है।

Responses

Leave your comment