अब कांग्रेस के भाषण वाला नहीं, 2020 वाला है हिंदुस्तान - रतनालाल कटारिया

- पहले चीन व पाक के सपोलिए देते थे धमकी, देश के पीएम व मंत्री सुनते थे चुपचाप

- राफेल आगमन पर भी बोले रतनलाल कटारिया, कहा - जब पांच राफेल आए तो पूरे देश का सीना हुआ था चौड़ा

- अफसोस कांग्रेस के लोग भी राफेल का विरोध करते नजर आए

- कोरोना महामारी के दौरान आई मंदी पर भी बोले केन्द्रीय मंत्री रतनलाल, कहा - वह मानते हैं इस महामारी में देश में आई आर्थिक मंदी

- सरकार कर रही है प्रयास ताकि मिल सके लोगों को राहत

वैन (झज्जर - हरियाणा ब्यूरो) :: केन्द्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस यह न भूले कि अब हिंदुस्तान कांग्रेस के भाषण वाला हिंदुस्तान नहीं है बल्कि यह 2020 वाला हिंदुस्तान है। कांग्रेेस के भाषण वाले हिंदुस्तान में चीन व पाक के सपोलिए देश को धमकी देते थे और उस दौरान देश के पीएम व मंत्री चुपचाप उन धमकियों को सुनते है। लेेकिन आज हमारे देश के पीएम व सेना इतनी शक्तिशाली है कि हर बात का मुंह तोड़ जवाब देना जानती है। रतनलाल कटारिया मंगलवार को झज्जर में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन मौके पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। कटारिया इस दौरान राफेल के भारत आगमन पर भी बोलने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि जब देश में पांच राफेल आए तो उस समय पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा हो गया था। लेकिन अफसोस यहीं है कि कांग्रेस के लोग राफेल का भी विरोध करते नजर आए। कोरोना महामारी में आई मंदी पर बोलते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वह मानते है इस महामारी में देश में आर्थिक मंदी आई है। लेकिन सरकार लोगों को राहत मिले इसके लिए प्रयास कर रही है। बाद में मीडिया के रूबरू हुए रतनलाल कटारिया कृषि अध्यादेश पर भी बोले। उन्होंने कहा कि यह कृषि अध्यादेश का ही परिणाम है कि हरियाणा में सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना एमएसपी रेट पर खरीद रही है और आगे भी खरीदेगी। उन्होंने बरौदा उप चुनाव में पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा व कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा पर जनता को बरगलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हलके के विकास के लिए बरौदा की जनता भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर दत्त को जिताएगी। उन्होंने कहा कि भारत में नीतियां रूस व चीन की तरह नहीं है जहां पर विपक्ष की आवाजें दबा दी जाती है। यहां विपक्ष को पूरा बोलने का अधिकार है। भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में वाजपेयी व इंदिरा जी का भी विरोध हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मान चुकी है कि उनका जहाज उसी दिन डूब गया था जिस दिन देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ने शपथ ली थी। लेकिन सोच कांग्रेस की यहीं है कि वह तो डूब चुकी है और कोई डूब क्यों नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर रोज दो ट्रक झूठ के लेकर निकलती है और जनता के बीच जाकर पटक देती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जनता ने अमेठी से राहुल गांधी को हराया था, आने वाले समय मेें रायबरेली से सोनिया को भी वहां की जनता हराएगी। बोफोर्स घोटाले पर बोलते हुए कटारिया ने कहा कि राजीव गांधी की मौत के साथ ही यह घोटाला भी खत्म हो गया।

Responses

Leave your comment