पहलवानों का समर्थन करने जाते आगरा के किसान नजरबंद

वैन (सुनील अरोड़ा - आगरा, उत्तर प्रदेश - 29.05.2023) :: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का समर्थन करने और सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने हुंकार भरी है। रविवार को दिल्ली धरना स्थल पर पहुंचने से पहले भाकियू के कार्यकर्ताओं और पदाधिकरियों को आगरा में पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। कई थानों की फोर्स मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष के आवास पहुंच गई। हालांकि नेताओं का कहना है कि चाहे पुलिस उन्हें जेल भेज दे, लेकिन वे धरना स्थल पर जरूर जाएंगे।

पहलवानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने दो दिन पहले 28 मई को जंतर-मंतर पहुंचने का ऐलान किया था। इसके उत्तर प्रदेश किसान नेताओं ने दिल्ली कूच करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसकी जानकारी होते ही पुलिस ने रात में ही मुख्य पदाधिकारियों के घरों पर दबिशें दे दीं। आगरा में भाकियू के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर के घर गांव बाद मलपुरा और जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह लवानियां के घर घढ़ी वृंदावन बमरौली कटारा पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पदाधिकारियों को उनके घर पर नजरबंद कर लिया है। नजरबंद की जानकारी पर बड़ी संख्या में किसान जिलाध्यक्ष के घर पहुँच गए। जिलाध्यक्ष राजवीर लवानियां का कहना है कि सरकार अपराधियों को बचाने लगी है। आरोपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह खुलेआम पुलिस की सुरक्षा में घूम रहा है।

किसान नेताओं को नजरबंद करने के दौरान समर्थन में प्रमुख रूप से तांतीराम जादौन, कृपाल सिंह फौजदार, नत्थू सिंह धाकरे, कुमारसैन वर्मा, गिर्राज सिंह नौहवार, बनवारीलाल तोमर, महाराज सिंह जशावत, हरेंद्र सिंह, एलम सिंह वर्मा, मेघ सिंह प्रधान, रूप सिंह, केशव सिंह, मनोज सिंह, राधेश्याम वर्मा, फूल सिंह, नीरज वर्मा, श्याम बाल्मिक, श्याम सिंह चाहर, सतीश सिंह तोमर, रामदत्त सिंह वर्मा सहित सैकड़ों किसान और भाकियू पदाधिकारी मौजूद रहे।

Responses

Leave your comment