मॉक पार्लियामेंट - विपक्ष ने यौन शोषण और महिला असुरक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों से सरकार को घेरा

- वुमन वीक के दूसरे दिन स्थानीय पंचायत भवन में सजी संसद

- उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने देखी संसद की पूरी कार्यवाही

- प्रथम स्थानों पर रहने वाली छात्राओं को बनाया जाएगा एक दिन का उच्च प्रशासनिक अधिकारी

वैन (भिवानी - हरियाणा ब्यूरो) :: वुमन वीक के दूसरे स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित मॉक पार्लियामेंट में दिल्ली सी संसद का नजारा बना। संसद में जहां विपक्ष ने यौन शोषण व महिला असुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास किया वहीं दूसरी ओर सरकार के संबंधित विभागों के मंत्रियों ने प्रश्रों का सरकारी तथ्यों व योजनाओं के आधार पर सटीक जवाब दिया, जिस पर विपक्ष के सांसद बेबस नजर आए। उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य संसद की पूरी कार्यवाही के दौरान मौजूद रहे और संसद की कार्रवाई में भूमिका निभाने वाली छात्राओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने संसद की कार्यवाही में पहले पांच स्थानों पर रहने वाली छात्राओं को एक दिन के लिए जिला के उपायुक्त पद से एसडीएम पद के उच्च प्रशासनिक पदों पर आसीन करने का ऐलान किया।

उल्लेखनीय है कि एक से पांच मार्च तक जिला प्रशासन द्वारा वुमन वीक का आयोजन किया जा रहा है। वुमन वीक के दूसरे दिन स्थानीय पंचायत भवन में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया, जिसमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया। मॉक पार्लियामेंट में कुमारी मोनिका ने अध्यक्ष की भूमिका निभाई तथा अन्नू सांगवान ने प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई। कुमारी अंकिता व प्रज्ञा राष्ट्रपति के मेहमान के रूप में शामिल हुए। कुमारी प्रीति गृह मंत्री, लवीना मानव संसाधन मंत्री, पूजा पर्यावरण मंत्री, सोनिया महिला एवं बाल विकास विभाग, विधि मंत्री गीतांशु, सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री प्रिया और प्रियंका ने कृषि मंत्री की भूमिका निभाई। संसद की कार्रवाई के दौरान मुंबई से आर्ट फाऊंडेशन की अध्यक्ष रूबल नागी भी मौजूद रहीं। दिल्ली से विभूति, केशव व पदमनाथन विशेष जज के रूप में उपस्थित रहे। ई-लर्निंग चैनल के माध्यम से जिला के 60 स्कूलों में करीब 3 हजार विद्यार्थियों को इससे सीधा जोड़ा गया।

मॉक पार्लियामेंट की कार्रवाई दिल्ली की संसद की तरह चली। सरकार के मंत्री तथा पक्ष व विपक्ष के सभी सांसद सदस्य पंचायत भवन के मुख्य द्वार से अंदर बनी संसद में अपनी सीटों पर पहुंचते हैं। संसद में दर्शक दीर्घा व प्रैस गैलरी भी स्थापित की गई। सबसे पहले लोकसभा अध्यक्ष द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई जाती है और उसके बाद भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र तथा बरेली से सांसद शपथ लेती हैं। संसदीय कार्यवाही में उतरांखड में ग्लेशियर विस्फोट से हुई नागरिकों की मौत पर दो मिनट का मौन रखा गया। प्रधानमंत्री द्वारा अपने नए सदस्यों का परिचय करवाया जाता है। लोकसभा अध्यक्ष द्वारा संसद की कार्यवाही शुरु करने की इजाजत दी जाती है। संसद की कार्यवाही के दौरान विपक्ष की सांसद योगिता ने दिन-प्रतिदिन हो रही बलात्कार जैसी घटनाओं पर संबंधित मंत्री से जवाब मांगा कि सरकार द्वारा क्या कार्रवाई की जा रही है। इस पर संबंधित मंत्री ने जवाब दिया कि दोषियों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाती है, उनको जेल भेजा जा रहा है। सरकार द्वारा पोक्सो एक्ट भी लागू किया गया है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि पोक्सो एक्ट को भी प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जा रहा है। इसी प्रकार से विपक्ष की नेता निकिता ने स्वच्छता में किए गए प्रावधानों के बारे में सरकार के मंत्री से जानकारी मांगी, जिस पर मंत्री ने बताया कि स्वच्छता को लेकर ही शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। निर्मल ग्राम योजना के तहत खुले में शौच मुक्त करने के लिए गांवों में भी शौचालयों का निर्माण करवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि उज्जवला योजना के तहत बीपीएल परिवारों को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जो कि स्वच्छता की ही एक कड़ी है।

नारी सशक्तिकरण पर सरकारी की ओर से जवाब दिया गया कि सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान 22 जनवरी 2015 से शुरु किया गया है। वन स्टॉप सेंटर स्थापित किए गए हैं। वर्किंग वूमन हॉस्टल बनाए गए हैं। महिलाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिला शोषण व अपराधों को रोकने के लिए संविधान में दिए गए कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है।

संसद की कार्यवाही में रेव पार्टी, परीक्षाओं को पारदर्शिता के साथ संचालन करने, महिला विधेयक पारित करने, नशे पर रोक लगाने पर जमकर बहस हुई। संसद में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाया गया। संसद में महिला आरक्षण विधेयक को बहुमत से पारित किया गया।

इस दौरान उपायुक्त श्री आर्य ने कहा कि मॉक पार्लियामेंट जैसे आयोजन छात्राओं में आत्म विश्वास की भावना पैदा करती हैं, जो आगे बढऩे के लिए सबसे जरूरी है। मुंबई से पहुंची रूबल नागी ने कहा कि आगे बढऩे के लिए महिलाओं में आत्मविश्वास होना चाहिए। मॉक पार्लियामेंट में छात्राओं ने बड़े ही हौसले के साथ अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन नाथुवास स्कूल से प्राचार्या अनीता नाथ ने किया। इस दौरान नगराधीश हरबीर सिंह, सीएमजीजीए आयुष सिंघल, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह श्योराण, उप जिला शिक्षा अधिकारी संतोष नागर, खंड शिक्षा अधिकारी तकदीर ग्रेवाल, प्राचार्या किरण गिल, डीपीसी कार्यालय से परेमेश्वर शर्मा, ममता पालीवाल, सुशीला, सुसुमलता, ममता, शैलेस सहित अनेक छात्राएं मौजूद रहीं।

पिंकाथन से दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

- उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य और रूबल नागी ने किया पिंकाथन को भीम स्टेडियम से रवाना

उधर, वुमन वीक के दूसरे दिन मॉक पार्लियामेंट से पहले स्थानीय भीम खेल परिसर में महिलाओं की पिंकाथन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यरूप से मुंबई से आर्ट फाऊंडेशन के माध्यम से महिला शक्ति को बढावा दे रही रूबल नागी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य और रूबल नागी ने पिंकाथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमति नागी ने कहा कि वे मिशाल इंडिया के माध्यम से महिलाओं को अपने साथ जोड़ रहीं हैं और जो एक आत्म विश्वास पैदा करने का काम किया जा रहा है। वे भिवानी की लड़कियों को भी अपने साथ जोड़ेंगी और उनको जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि लड़कियां बहुत कुछ कर सकती हैं, बशर्ते उनको अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था मिशाल मुंबई का इतना विस्तार हो गया है कि यह अब मिशाल इंडिया बन चुकी है। देश के 19 राज्यों में उनकी संस्था कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जो आईडियां गांव से आ सकता है, वह शहरों से नहीं आ सकता है। वे आर्ट के माध्यम से लड़कियों को प्रेरित कर रही हैं। पिंकाथन भीम खेल परिसर से हांसी रोड़ से बासिया भवन होते हुए पंचायत भवन पर संपन्न हुई। भीम खेल परिसर में सर्वपल्ली राधा कृष्णन स्कूल से 2020-2021 में प्रदेश में अव्वल रही छात्रा छवि पंघाल ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शपथ दिलाई। उप पुलिस अधीक्षक विरेंद्र सिंह ने कोविड-19 से बचाव के लिए मास्क पहनने व उचित दूरी बनाए रखने के बारे में जागरूक किया। पीओआईसीडीएस परिनीता गोस्वामी ने सभी का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान जिला का नाम रोशन करने वाली होनहार छात्रा छवि, खुशी, मन्नूप्रिया, तेजस्वनी शर्मा,मान्या, सीमा और रिया को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश हरबीर सिंह, सीएमजीजीए आयुष सिंघल, सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह श्योराण, बीईओ तकदीर ग्रेवाल, जिला खेल अधिकारी कृष्ण डांढा, जिला कोविड प्रभारी डॉ. राजेश कुमार, पीओआईसीडीएस परिनीता गोस्वामी, सीबीएलयू से एनएसएस प्रभारी डॉ. आशा सहित अनेक विभागों से अधिकारी, विभिन्न स्कूल/कॉलेज से छात्राएं व बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Responses

Leave your comment